नई दिल्ली, प्रेट्र : मेडिकल सुपर स्पेशलिटी (एसएस) पाठ्यक्रमों के लिए 10 जून, 2017 को देशभर के विभिन्न केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन होगा। डीएम, एमसीएच, पीडीसीसी जैसे एडवांस्ड पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्सेज में नीट-एसएस के जरिये ही प्रवेश मिलेगा। नेशनल बोर्ड ऑफ एक्जामिनेशन (एनबीई) इसका आयोजन करेगा। एनबीई के एक बयान में बुधवार को कहा गया, ‘2016 में संशोधित इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट, 1956 की धारा 10 के अनुसार एनबीई, डीएम/एमसीएच में प्रवेश के लिए नीट परीक्षा का आयोजन कराएगा। परीक्षा 10 जून, 2017 को विभिन्न शहरों में आयोजित होगी। यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। परीक्षा में 200 बहु-विकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 2017 से किसी भी विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, या संस्थान द्वारा प्रदेश या संस्थान स्तर पर कराई गई अन्य कोई प्रवेश परीक्षा इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट, 1956 के तहत वैध नहीं होगी। हालांकि एम्स, नई दिल्ली/पीजीआइएमईआर, चंडीगढ़/श्रीचित्र, तिरुअनंतपुरम/एनआइएमएच एएनएस, बेंगलुरु/ जेआइपीएमईआर और पुडुचेरी नीट-एसएस में सम्मलित नहीं होंगे।’

0 comments:
Post a Comment