अभ्यर्थियों को मिलेंगे मात्र 45 मिनट
राज्य ब्यूरो, इलाहाबाद1सहायक अभियंता भर्ती में गड़बड़ियों का मामला कोर्ट में पहुंच जाने के बाद पावर कारपोरेशन ने अब सारा जोर दोबारा परीक्षा कराने पर लगा दिया है। यह परीक्षा उन्हीं पचास सवालों की होगी जो दूसरा पाली में रिपीट हुए थे। विद्युत सेवा आयोग ने इसके लिए प्रवेश पत्र भी जारी कर दिया है। परीक्षा की तारीख 16 दिसंबर तय की गई है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन की सिविल और इलेक्टिकल परीक्षा में गड़बड़ियों का मामला दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद कारपोरेशन हरकत में आया और दूसरी पाली की परीक्षा के पचास सवाल रद कर दिए गए। यही सवाल पहली पाली की परीक्षा में भी पूछे गए थे। आयोग ने इसके लिए विज्ञापन भी जारी किया और इस गलती को स्वीकार करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित किए जाने का आश्वासन दिया। अभ्यर्थियों की मांग थी कि पूरी परीक्षा रद करके दोबारा कराई जाए लेकिन आयोग ने सिर्फ पचास सवालों की दोबारा परीक्षा कराने का ही निर्णय लिया है। इस बीच अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दखिल कर दी जिस पर विद्युत सेवा आयोग के अधिवक्ता ने जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा था। इस बीच परीक्षा की तैयारियां भी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों को जो प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं उसके अनुसार पचास सवालों की परीक्षा के लिए उन्हें 45 मिनट दिए जाएंगे। यह परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट के रूप में ही होगी।

0 comments:
Post a Comment