27/12/2016

Primary Ka Master : बड़ी खबर : सत्ता में लौटे तो ग्रामीण स्कूल होंगे दुरुस्त , परिषदीय स्कूलों में फर्नीचर और कंप्यूटरीकृत शिक्षण सामग्री देंगे : सीएम अखिलेश यादव


सत्ता में लौटे तो ग्रामीण स्कूल होंगे दुरुस्त

परिषदीय स्कूलों में फर्नीचर और कंप्यूटरीकृत शिक्षण सामग्री देंगे 

11 जिलों में किया अक्षयपात्र संस्था के आधुनिक रसोईघरों का शिलान्यास

सीएम ने किया वादा

राज्य ब्यूरो, लखनऊ: दोबारा सत्ता में आने पर समाजवादी सरकार ग्रामीण क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों की इमारतों को दुरुस्त कर बेहतर बनवाएगी। परिषदीय स्कूलों के सभी बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर का इंतजाम करेगी। बच्चों को आधुनिक तरीके से पढ़ाने के लिए कंप्यूटरीकृत शिक्षण सामग्री तैयार कराएगी। सोमवार को लोकभवन में प्रदेश के 11 जिलों में अक्षयपात्र फाउंडेशन संस्था के आधुनिक रसोईघरों का शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यह तीन घोषणाएं करते हुए कि कहा कि इन्हें समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक शिक्षा में सरकार ने काफी सुधार किया है लेकिन, अभी बहुत कुछ सुधारना बाकी है। परिषदीय स्कूलों में जो सुविधाएं मिलनी चाहिए, वे अभी नहीं मिल रही हैं। हाईकोर्ट के निर्देश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सभी बच्चों के लिए टेबल-कुर्सी का इंतजाम करेगी। वहीं उन्होंने राजकीय निर्माण निगम व अन्य कार्यदायी संस्थाओं से कहा है कि कम लागत में कैसे ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल भवनों को कैसे बेहतर बनाया जाए, वे इस पर काम करें।

11 जिलों में आधुनिक रसोईघर : कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को मिड-डे मील योजना के तहत साफ-सुथरे तरीके से बनाया गया गर्म, पका भोजन सुलभ कराने के लिए मुख्यमंत्री ने वाराणसी, आगरा, कानपुर नगर, कन्नौज, अंबेडकर नगर, गाजियाबाद, इटावा, इलाहाबाद, रामपुर, बलिया और आजमगढ़ में अक्षयपात्र संस्था के आधुनिक केंद्रीयकृत रसोईघर का शिलान्यास किया। प्रत्येक रसोईघर के निर्माण पर 14.02 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रसोईघरों का शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को पौष्टिक भोजन नहीं मिला तो हमारी प्रतिभाएं दब जाएंगी।

हर रसोईघर से एक लाख बच्चों को खाना : अक्षयपात्र फाउंडेशन के उपाध्यक्ष चंचलापति दास ने बताया कि अभी संस्था मथुरा और लखनऊ के 3021 स्कूलों के 1.71 लाख बच्चों को मिड-डे मील सुलभ करा रही है। इनमें लखनऊ के 66000 और वृंदावन (मथुरा) के 1,05,000 बच्चे हैं। जिन नये रसोईघरों का शिलान्यास हुआ है, उनमें से प्रत्येक में एक लाख बच्चों के लिए खाना तैयार किया जा सकेगा। इन रसोईघरों के बन जाने पर संस्था प्रदेश में 13 लाख बच्चों को भोजन सुलभ कराएगी।

कार्यक्रम को बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन, मुख्य सचिव राहुल भटनागर और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार आलोक रंजन ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पंचायती राज मंत्री राम गोविंद चौधरी, माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव, खाद्य व रसद मंत्री कमाल अख्तर भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने दिये रुपये तो बच्चों से भर गया स्कूल: सूबे में बेसिक शिक्षा की बदहाली को उजागर करने वाला एक संस्मरण भी मुख्यमंत्री ने सुनाया। उन्होंने बताया कि एक बार वह मैनपुरी के एक परिषदीय स्कूल में गए तो वहां बमुश्किल सात-आठ बच्चे उपस्थित थे। यह बच्चे गांव के सबसे गरीब परिवारों के थे। बच्चों से जब उन्होंने पढ़ाई के बारे में बारे में सवाल पूछे तो वे कोई जवाब नहीं दे पाये। दीपावली का समय होने के कारण मुख्यमंत्री ने हर बच्चे को 500 रुपये दिये। बाद में उन्हें पता चला कि वह स्कूल अब बच्चों से भर गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शायद बच्चों को इंतजार होगा कि कब वे आयें और उन्हें फिर पैसे मिलें।

बच्चों को मिलेगा गुलाब जामुन:शिलान्यास कार्यक्रम के बाद लोकभवन के बेसमेंट में 15 बच्चों को मुख्यमंत्री ने भोजन भी कराया। इस मौके पर उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिषदीय स्कूलों के बच्चों को मिड-डे मील के साथ महीने में एक बार गुलाब जामुन भी दिया जाए। इसे मिड-डे मील के मेन्यू में शामिल करने के लिए कहा।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे 30 महीने में: मुख्यमंत्री ने एलान किया कि मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को 23 महीनों में बनाने के बाद अब उसे पूर्वांचल से जोड़ा जा रहा है। दोबारा हमारी सरकार बनेगी तो लखनऊ से गाजीपुर होते हुए बलिया तक प्रस्तावित समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण 30 महीने में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस ऐलान को सपा के घोषणापत्र में जगह दी जाएगी।




Primary Ka Master : बड़ी खबर : सत्ता में लौटे तो ग्रामीण स्कूल होंगे दुरुस्त , परिषदीय स्कूलों में फर्नीचर और कंप्यूटरीकृत शिक्षण सामग्री देंगे : सीएम अखिलेश यादव Rating: 4.5 Diposkan Oleh: sarkari result help

0 comments:

Post a Comment