11/12/2016

UP Board 26 जिलों में तय नहीं यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र : माध्यमिक शिक्षा परिषद को अब तक नहीं मिले प्रस्ताव

शासन ने जतायी नाराजगी, केंद्र जल्द तय करने का निर्देश


राज्य ब्यूरो, लखनऊ : यूपी बोर्ड की वर्ष 2017 की परीक्षा को लेकर उठा वितंडा भले ही भारत निर्वाचन आयोग तक पहुंच गया हो लेकिन बोर्ड इम्तिहान के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में ढिलाई सामने आयी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने तेजी दिखाते हुए बोर्ड परीक्षा की तारीखों का तो एलान कर दिया लेकिन परीक्षा केंद्रों का निर्धारण अब तक नहीं हो सका है। प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा जितेंद्र कुमार ने इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारियों को तत्काल बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारित करने का निर्देश दिया है। शासन ने यूपी बोर्ड परीक्षाओं के संचालन के लिए 13 अक्टूबर को शासनादेश जारी किया था। शासनादेश में कहा गया था कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण के बारे में मंडलीय समिति से अनुमोदित प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा परिषद कार्यालय को हर हाल में 28 नवंबर तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव ने शासन को बताया है कि अब तक 26 जिलों में बोर्ड परीक्षा केंद्र अंतिम रूप से तय नहीं हो पाये हैं। यह स्थिति तब है जबकि शासन ने बोर्ड परीक्षा केंद्र तय करने के लिए बाकायदा समय-सारिणी भी जारी कर दी है। समय-सारिणी के मुताबिक जिला स्तरीय समिति को परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को अंतिम रूप देते संबंधित प्रस्ताव को मंडल स्तरीय समिति को 20 नवंबर तक उपलब्ध कराना था। जिला स्तर पर परीक्षा केंद्र निर्धारण को अंतिम रूप देने की तारीख के बाद भी अरसा बीत चुका है। इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्रों को यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर भी प्रदर्शित किया जाना जरूरी है। शासन के अधिकारियों का कहना है कि अब तक केंद्रों को अंतिम रूप न दिये जाने के कारण परीक्षाओं पर इसका असर पड़ेगा। प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों का हवाला देते हुए संबंधित जिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप से निर्धारित करने का निर्देश दिया है। 

इन जिलों में अब तक तय नहीं हुए केंद्र अलीगढ़, मेरठ, बुलंदशहर, रामपुर, संभल, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, हरदोई, औरैया, चित्रकूट, प्रतापगढ़, फैजाबाद, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर, बहराइच, श्रवस्ती, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, आजमगढ़ और गाजीपुर।


UP Board 26 जिलों में तय नहीं यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र : माध्यमिक शिक्षा परिषद को अब तक नहीं मिले प्रस्ताव Rating: 4.5 Diposkan Oleh: sarkari result help

0 comments:

Post a Comment