07/01/2017

Teachers Bharti : शिक्षक से लेकर चपरासी तक की नियुक्ति में खेल , कई विद्यालयों में नियम ताक पर रखकर की गई भर्तियां


जागरण संवाददाता, लखनऊ : राजधानी में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) बने रहना उमेश त्रिपाठी को यूं ही रास नहीं आता। कई विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति ताक पर रखकर की गई है। यही नहीं रोक के बावजूद चपरासी भी भर्ती कर दिए गए। हाई कोर्ट के आदेश पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में सतर्कता अधिष्ठान की जांच में उमेश त्रिपाठी की गर्दन फंसी है। नियमों को ताक पर रखकर नियुक्तियों का जो खेल खेला गया है उसमें करोड़ों के वारे-न्यारे किए।ताजा मामला दिगंबर जैन इंटर कॉलेज का है, एक ओर उमेश त्रिपाठी सतर्कता की जांच में दोषी पाए जाने के बाद भागे-भागे फिर रहे हैं तो दूसरी ओर उनके द्वारा यहां पर भर्ती किए गए शिक्षक अपना नियुक्ति पत्र लेकर शुक्रवार को दिनभर ज्वाइन करने के लिए दौड़ते रहे। यहां शिकायतकर्ता शिक्षक आशुतोष पांडेय का कहना है कि शिक्षकों के आठ पद सृजित हैं और तीन पहले से नियुक्त हैं, लेकिन छह फिर से गलत ढंग से नियुक्त कर दिए। प्राचार्य भी मनमाने ढंग से नियुक्त कर डाला। सामाजिक विज्ञान के शिक्षक पद पर गलत नियुक्ति की गई। जिस नियुक्ति को 2014 में रद किया गया उसे ही दोबारा गलत ढंग से अल्पसंख्यक कॉलेज का दर्जा मिलने के बाद अक्टूबर 2016 में फिर से नियुक्ति दे दी।

कई स्कूलों में हुई गड़बड़ी 

लालबाग गल्र्स कॉलेज में शिक्षकों की फर्जी नियुक्तियों के लिए यहां खेल खेला गया। प्राचार्य पद पर विवाद खड़ा किया गया और 12 शिक्षकों की गलत नियुक्ति हुई। प्राचार्य पद पर सपना लेवर्ण व सात शिक्षिकाएं वर्षो से काम कर रही हैं इन्हें वेतन अगस्त से नहीं मिला। वहीं गलत ढंग से भर्ती 12 शिक्षक जो विवाद के कारण विद्यालय नहीं आ रहे उन्हें घर बैठे वेतन मिल रहा है। गिरधारी सिंह इंटर कॉलेज, बाबा ठाकुर दास इंटर कॉलेज में भी नियुक्तियों का खेल किया गया।

3.64 लाख रुपये प्राचार्य के खाते में भेजे

लालबाग गल्र्स इंटर कॉलेज में प्राचार्य पद पर कार्य कर रहीं सपना लेवर्ण के बैंक खाते में 24 दिसंबर 2016 को 3.64 लाख रुपये भेजे गए। सूत्रों की मानें तो गलत भर्ती शिक्षकों को पहले की तरह वेतन आगे मिले इसकी रकम भेजी गई लेकिन जब बात नहीं बनी तो इसे एक अन्य शिक्षिका एआर सिंह के खाते में बीती दो जनवरी को गुपचुप ढंग से ट्रांसफर कर दिया। 

चपरासी भी भर्ती कर दिए

भले ही चपरासी की भर्ती पर रोक बताई जा रही हो लेकिन खालसा इंटर कॉलेज में चपरासी के तीन पदों पर नियुक्ति अभी की गई। बाबा ठाकुरदास इंटर कॉलेज में भी चपरासी के इंटरव्यू किए गए।


Teachers Bharti : शिक्षक से लेकर चपरासी तक की नियुक्ति में खेल , कई विद्यालयों में नियम ताक पर रखकर की गई भर्तियां Rating: 4.5 Diposkan Oleh: sarkari result help

0 comments:

Post a Comment