जासं, इलाहाबाद : शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अब सफाई कर्मियों की ऑनलाइन हाजिरी तीन बार होगी। पहली फरवरी से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। इसमें लापरवाही होने पर सफाई निरीक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को नगर आयुक्त शेषमणि पांडेय ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक ली। उन्होंने कहा कि बुधवार से सभी सफाई कर्मचारियों की दिन में तीन बार बायोमैटिक मशीन से उपस्थिति ली जाएगी। इन बायोमैटिक मशीन की पूर्ण जिम्मेदारी सफाई निरीक्षकों की होगी। मशीन खराब होने पर या किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर निरीक्षकों के वेतन से कटौती होगी। रात में हाजिरी के लिए अलग से बायोमैटिक मशीन लगायी जाएगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी राजीव कुमार राठी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की सूची नगर निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। मुख्य अभियन्ता को नगर आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि स्टेनली रोड पर खाली पड़ी नजूल भूमि पर अतिक्रमण हटवा कर नया कूड़ा अड्डा बनाया जाए। सूरज कुंड चौकी के पास भरे पानी को निकाला जा सकेगा। बैठक में गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई और जल कल विभाग के अफसरों के उपस्थित न होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त की।
तीन सफाई कर्मियों पर जुर्माना : कूड़े में आग लगाने पर नगर स्वस्थ्य अधिकारी ने तीन सफाई कर्मचारियों पर तीन-तीन सौ रुपये जुर्माना लगाया है। उन्होंने बताया कि अब यह जुर्माना पांच सौ रुपये हो गया है।
मृत पशुओं के निस्तारण को कमेटी गठित : मृत पशुओं के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त ने एक कमेटी गठित की। इसमें सहायक नगर आयुक्त सुमित कुमार, पशुधन अधिकारी डा. धीरज गोयल और पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी है। यह लोग नगर क्षेत्र के बाहर मृत पशुओं के निस्तारण के लिए जगह की तलाश करेंगे।
कटरा में चला अतिक्रमण अभियान : नगर निगम ने कटरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की टीम ने मनमोहन पार्क, विश्वविद्यालय मार्ग और कर्नलगंज थाने तक अतिक्रमण हटाया। इस दौरान करीब 30 गुमटी, ठेला आदि जब्त किया गया। वहीं कई दुकानों को सड़क किनारे से हटाया गया।’
मशीन खराब होने की स्थिति में वेतन से होगी कटौती
एक फरवरी से लागू हो जाएगी नई व्यवस्था

0 comments:
Post a Comment