अभ्यर्थियों का आरोप पहली पाली और दूसरी पाली में 50 सवाल एक जैसे
जिन अभ्यर्थियों को इस बात की जानकारी थी, उन्हें फायदा मिला
राज्य ब्यूरो, इलाहाबाद : उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन में सहायक अभियंताओं की नियुक्ति के लिए ली गई परीक्षा भी विवादों में आ गई है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस परीक्षा की पहली पाली और दूसरी पाली में 50 सवाल एक जैसे पूछे गए हैं। इसका फायदा उन अभ्यर्थियों को मिला जिन्होंने पहली पाली के अभ्यर्थियों से सवालों के बाबत जानकारी प्राप्त की। अभ्यर्थी कारपोरेशन के अधिकारियों को इस बारे में प्रपत्र दे चुके हैं और अब हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने की तैयारी में हैं।पावर कारपोरेशन ने सहायक अभियंता के 270 पदों के लिए विज्ञापन निकाला था। इसकी परीक्षा गत 12 नवंबर को हुई। इसमें लगभग अस्सी हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। पहली पाली की परीक्षा में सिविल इंजीनियरिंग और दूसरी पाली की परीक्षा में इलेक्टिकल के सवालों के साथ ही नॉनटेक सवाल पूछे जाने थे। इनमें नॉनटेक के 50 सवाल पहली पाली और दूसरी पाली के समान थे। अभ्यर्थियों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि ऐसा साजिशन किया गया है। इससे पहले महाराष्ट्र में भी ऐसा ही किया गया था और बाद में भर्ती रोकनी पड़ी थी। उसी तरह की गलती दोहराई गई है। उल्लेखनीय है कि पावर कारपोरेशन की यह परीक्षा प्रदेश में इलाहाबाद वाराणसी, आगरा, लखनऊ, गोरखपुर कानपुर, बरेली, गाजियाबाद व मेरठ आदि शहरों में हुई थी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को रिस्पांस पत्र देने में भी देरी हुई। अभ्यर्थी रिस्पांस पत्र में भी कई गलतियों की ओर इशारा कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में इंजीनियर अभ्यर्थियों ने गोलबंद होना शुरू कर दिया है। वे पूरे प्रकरण को हाईकोर्ट ले जाने की तैयारी में लग गए हैं।

0 comments:
Post a Comment