राज्य ब्यूरो, इलाहाबाद : पीसीएसप्री-2016 में गलत सवालों के मामले में मिली जीत ने प्रतियोगी छात्रों का हौसला बढ़ा दिया है। वह इसके सहारे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में हुई अनियमितताओं के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन खड़ा करने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने डा. अनिल यादव के कार्यकाल के गड़े मुर्दे उखाड़ने शुरू कर दिए हैं। दबाव बनाने के लिए उन्होंने जनवरी के पहले हफ्ते में प्रदेश बंद की योजना भी बनाई है और छात्रों को लामबंद करना भी शुरू कर दिया है। वैसे तो पीसीएसजे के गलत सवालों पर भी प्रतियोगी छात्रों ने हाईकोर्ट में जीत हासिल की थी लेकिन, सुप्रीम कोर्ट में उनके तर्क कमजोर साबित हुए थे। इसीलिए पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को उन्होंने पूरी तैयारी के साथ चुनौती दी थी जिसकी वजह से आयोग को रिजल्ट संशोधित करने का आदेश मिल गया। इसके बाद ही पिछली अन्य परीक्षाओं की गड़बड़ियां उजागर करने की योजना बनी। डा. अनिल यादव के कार्यकाल की लगभग सभी परीक्षाएं विवादों में रही थीं चाहे वह लोअर सबार्डिनेट हो या फिर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा या फिर पीसीएसजे। आयोग ने सूचनाओं पर भी पहरा लगा दिया था। त्रिस्तरीय आरक्षण के निर्णय पर तो छात्रों ने प्रदेश व्यापी आंदोलन खड़ा किया था। सफल परीक्षार्थियों के सरनेम और उनके नाम तक छिपाए जाने लगे थे। इससे कई परीक्षाएं संदेह के दायरे में आ गई थीं। प्रतियोगी छात्र उन परीक्षाओं को लेकर आज भी मुतमईन नहीं हो पाए हैं। हालांकि हाईकोर्ट में पूरे कार्यकाल की सीबीआइ जांच की याचिका वह पहले ही डाल चुके हैं। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति ने अब इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन की भूमिका बनाई है। पहले चरण में वे 15 दिसंबर तक राष्ट्रपति प्रधानमंत्री , मुख्यन्यायाधीश, राज्यपाल, मुख्यमंत्री को ईमेल व रजिस्टर्ड पत्र भेजकर आयोग की अनियमितताओं की जानकारी देंगे। 16 दिसंबर को को पूरे प्रदेश के जिलों से रक्तपत्र भेजा जाएगा। जनवरी के पहले हफ्ते में प्रदेश बंद की तैयारी है। समिति की मीडिया प्रभारी अवनीश पांडेय ने बताया कि पीसीएस-2015 की प्रारंभिक परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद आरओ-एआरओ परीक्षा का पर्चा भी आउट हो जाना आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। इस पर प्रतियोगी काफी गंभीर हैं। समिति सभी छात्र संगठनों, व्यापारिक संगठनों, गैर राजनीतिक दलों , बुद्धिजीवियों को भी अपनी मुहिम से जोड़ने के लिए लगातार दौरा करेगी और आयोग की सभी गतिविधियों से उन्हें अवगत कराएगी ।
0 comments:
Post a Comment